रांची
झारखंड में गर्मी से राहत मिलने वाली है, लेकिन राहत के साथ खतरे की भी चेतावनी है। राज्य में मंगलवार, 8 अप्रैल से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने के संकेत हैं। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी 11 अप्रैल तक कई जिलों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और ओले गिरने की संभावना जताई है। इसे लेकर राज्यभर के कई हिस्सों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका:
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि इस दौरान दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी झारखंड में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। खासकर 10 अप्रैल को यह स्पीड और बढ़ने की संभावना है। साथ ही, कई इलाकों में ओलावृष्टि के भी आसार हैं, जिससे किसानों की फसल को नुकसान हो सकता है।
किन जिलों में असर दिखेगा?
राज्य के लगभग सभी हिस्सों में मौसम अस्थिर रहेगा। पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा, चाईबासा, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, बोकारो, गुमला, रांची, खूंटी, रामगढ़ जैसे जिलों में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम की ताजा स्थिति:
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में पारा चढ़ा है। डालटनगंज सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चाईबासा, बोकारो और जमशेदपुर में भी तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रहा।
जनता और किसानों को सतर्क रहने की सलाह:
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष रूप से सलाह दी है कि वे ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के उपाय करें। साथ ही, लोगों को वज्रपात और तेज हवाओं के समय घरों में रहने और खुले में न जाने की चेतावनी दी गई है।