अब तक 94 मरीजों को मिली त्वरित चिकित्सा सुविधा
झारखंड सरकार द्वारा संचालित एयर एंबुलेंस सेवा राज्य में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे असहाय मरीजों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल से अब तक 94 मरीजों को झारखंड से देश के बड़े अस्पतालों में त्वरित चिकित्सा के लिए एयरलिफ्ट किया जा चुका है। इनमें से 78 मरीज रांची से, जबकि 11 अन्य जिलों से थे।
आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षा का माध्यम
राज्य में इस सेवा का लाभ आमजन से लेकर विशिष्ट व्यक्तियों तक को मिल रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान गंभीर रूप से घायल झारखंड पुलिस के जवानों को भी एयर एंबुलेंस के माध्यम से उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया गया, जिससे उनकी जान बचाने में मदद मिली।
हर वर्ग के लिए सुलभ सेवा
राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि यह सेवा सभी जरूरतमंदों तक पहुंचे। कोई भी व्यक्ति नगर विमान विभाग के हेल्पलाइन नंबर +918210594073 पर कॉल कर 24×7 जानकारी प्राप्त कर सकता है। राज्य से बाहर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस की दरें भी तय की गई हैं, जो ₹55,000 प्रति उड़ान घंटे की दर पर उपलब्ध है।
मुख्य रूट और किराया विवरण
• रांची–दिल्ली ₹3.3 लाख
• रांची–मुंबई ₹4.4 लाख
• रांची–चेन्नई ₹3.85 लाख
• रांची–कोलकाता ₹1.10 लाख
• रांची–हैदराबाद ₹3.02 लाख
• रांची–वाराणसी ₹1.37 लाख
• रांची–लखनऊ ₹2.20 लाख
• रांची–तिरुपति ₹3.85 लाख
फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट की सुविधा
सरकार द्वारा इस सेवा के लिए सी–90 फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट उपलब्ध कराया गया है, जिसमें एक मरीज के साथ दो परिजन सफर कर सकते हैं। यह पहल न सिर्फ गंभीर रोगियों को जीवनदान दे रही है, बल्कि झारखंड में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को नए आयाम भी दे रही है।