रांची, 16 अप्रैल 2025:

झारखंड की फिजाओं में इन दिनों नमी है, हवा में ठंडक है और आसमान से बरस रही बूंदों में एक अलग ही रूमानी अहसास… लेकिन मौसम की यह खूबसूरती अब तूफानी हवाओं और ओलावृष्टि के साथ एक चुनौती बनती जा रही है। मौसम विभाग ने रांची समेत झारखंड के कई जिलों के लिए अगले 24 घंटों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, बुधवार को राज्य के अधिकतर जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कहीं-कहीं वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। इस दौरान मौसम बेहद अस्थिर और संवेदनशील बना रहेगा।

राज्य में 24 घंटों की बारिश का रिकॉर्ड

पिछले 24 घंटों के भीतर झारखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई:

  • पुटकी, धनबाद: 93 मिमी
  • बोकारो: 49.8 मिमी
  • गिरिडीह: 47.2 मिमी
  • नाला: 45.5 मिमी
  • रामगढ़: 33.0 मिमी
  • हजारीबाग: 24.2 मिमी
  • कांके, रांची: 14.2 मिमी

बारिश के कारण झारखंड का मौसम ठंडा और खुशनुमा हो गया है। कई इलाकों में रात के समय ठंडक महसूस की जा रही है।

तापमान में गिरावट, हवाओं ने बदली फिजा

बारिश के असर से न्यूनतम तापमान चार डिग्री और अधिकतम तापमान दो डिग्री तक सामान्य औसत से नीचे चला गया है।

राज्य में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में 36.6°C रिकॉर्ड किया गया।

जिलों का अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में):

  • रांची – 33.8
  • जमशेदपुर – 33.0
  • मेदिनीनगर – 36.6
  • बोकारो – 32.1
  • चाईबासा – 32.4
  • गढ़वा – 34.5
  • सरायकेला – 35.7
  • गोड्डा – 34.3

अगले 4 दिन रहिए तैयार: येलो अलर्ट जारी

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, रांची समेत पूरे राज्य में अगले चार दिनों तक बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बनी रह सकती है। बुधवार को ऑरेंज अलर्ट, और इसके बाद के दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

क्या रखें सावधानियां?

  • तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका के बीच खुले मैदान और ऊंचे स्थानों पर ना जाएं
  • कच्चे घरों, पेड़ और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें
  • स्कूल, कॉलेज और ऑफिस जाने से पहले मौसम अपडेट जरूर लें
Share.
Leave A Reply

Exit mobile version