बोकारो को नितिन गडकरी की बड़ी सौगात, फोरलेन सड़क को मिली स्वीकृति
झारखंड के बोकारो जिले को अब फोरलेन सड़क की सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 62.2 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को मंजूरी दे दी है।
यह सड़क बोकारो सेक्टर-6 से तेलमच्चो तक बनेगी और धनबाद व आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से सीधा कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
ढुलू महतो की पहल से संभव हुआ प्रोजेक्ट
इस परियोजना के पीछे बोकारो सांसद ढुलू महतो की सक्रियता अहम रही। उन्होंने केंद्र सरकार से बार-बार आग्रह किया और नितिन गडकरी से मिलकर इस सड़क की आवश्यकता को रखा। केंद्र ने इसे गंभीरता से लिया और अब इसकी आधिकारिक स्वीकृति मिल चुकी है।
अब यह सड़क न केवल बोकारो के ट्रैफिक सिस्टम को सुधारेगी, बल्कि क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए रास्ते भी खोलेगी।
औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
इस मार्ग पर भतुआ, तुपकाडीह, तलगड़िया जैसे क्षेत्र स्थित हैं — जहां पहले से ही इंडस्ट्रियल नोड्स प्रस्तावित हैं। तुपकाडीह-तलगड़िया रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य से यह इलाका रेल और सड़क दोनों से जुड़ जाएगा।
इससे यह क्षेत्र भविष्य में झारखंड का नया औद्योगिक हब बन सकता है।
ग्रामीण इलाकों को मिलेगा फायदा
इस फोरलेन सड़क से आसपास के गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। ग्रामीणों को अब बेहतर सड़क, तेज परिवहन और बाजार तक आसान पहुंच उपलब्ध होगी।
इसके अलावा कृषि, स्थानीय व्यापार और छोटे उद्योगों को भी नई रफ्तार मिलेगी।
सांसद का बयान
सांसद ढुलू महतो ने कहा —
“यह सड़क सिर्फ विकास का रास्ता नहीं, बल्कि बोकारो के औद्योगिक भविष्य की नींव है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन गडकरी जी का आभार प्रकट करता हूं।”