कोडरमा: रेलवे में जांच अभियान के दौरान GRP कोडरमा ने वाराणसी मेमू एक्सप्रेस से 130 लीटर महुआ शराब बरामद की है। शराब पांच बोरों में भरकर एक कोच में यात्रियों की सीटों के नीचे रखी गई थी। किसी यात्री ने भी इन बोरों पर अपना दावा नहीं किया। जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13553 वाराणसी मेमू एक्सप्रेस में लालबाग रेलवे हाल्ट के पास जांच के दौरान GRP की टीम को संदिग्ध बोरे दिखाई दिए। तलाशी लेने पर एक कोच में पांच बोरे मिले। उनसे महुआ शराब जैसी तेज गंध आ रही थी।
पांच बोरों में मिली 130 लीटर शराब
GRP कर्मियों ने आसपास मौजूद यात्रियों से बोरों के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी सामान को अपना नहीं बताया। इसके बाद लालबाग हाल्ट पर जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई।
कार्रवाई उप-निरीक्षक संजीत कुमार सिंह की अगुवाई में की गई। माप-तौल के बाद पांचों बोरों में कुल 130 लीटर महुआ शराब होने की जानकारी सामने आई।
अज्ञात तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस
जब्त शराब को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया है। मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए GRP ने जांच शुरू की है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आशंका है कि जांच अभियान के दौरान तस्कर शराब से भरे बोरे ट्रेन में छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, बोरों को ट्रेन में किसने रखा और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।