The Mediawala Express | जमशेदपुर
झारखंड के कोल्हान क्षेत्र से एक बड़ी नक्सली साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 18,000 डेटोनेटर बरामद किए हैं। इन डेटोनेटरों को जंगलों में छिपाकर बड़ी नक्सली घटना की तैयारी की जा रही थी, जिसे सुरक्षाबलों ने विफल कर दिया।
गोपनीय सूचना के बाद चला अभियान
पुलिस को खुफिया माध्यम से जानकारी मिली थी कि कुछ शीर्ष नक्सली कमांडर – जिनमें मिसिर बेसरा, अनमोल, अजय महतो, असीम मंडल और अन्य शामिल हैं – कोल्हान इलाके में सक्रिय हैं और किसी बड़ी हिंसात्मक कार्रवाई की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन और झारखंड जगुआर की एक संयुक्त टीम बनाई गई।
टीम ने टोंटो के हुसिपी क्षेत्र में पहाड़ी और घने जंगलों के बीच तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके दौरान भारी मात्रा में छुपाए गए डेटोनेटर बरामद हुए।
डेटोनेटर मौके पर ही किए गए नष्ट
सुरक्षा के लिहाज से बरामद सभी 18,000 डेटोनेटरों को मौके पर ही नियंत्रित तरीके से नष्ट कर दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना समाप्त हो जाए। सुरक्षा बलों ने इसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया है।
नक्सल गतिविधियों पर लगातार निगरानी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नक्सली नेताओं की मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है और कोल्हान क्षेत्र में किसी भी साजिश को पनपने से पहले कुचलने की रणनीति पर काम हो रहा है। सुरक्षाबलों का यह ऑपरेशन बताता है कि झारखंड पुलिस और केंद्रीय बलों की सक्रियता और तालमेल नक्सल उन्मूलन में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं।