रांची

झारखंड की राजनीति में सनसनी फैलाने वाले BJP नेता अनिल टाइगर महतो हत्याकांड की गुत्थी रांची पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने खुलासा किया कि महतो की हत्या 4.5 करोड़ रुपए की मांग और 10 एकड़ जमीन पर कब्जे को लेकर रची गई थी। हत्या की साजिश रांची नहीं, बल्कि कोलकाता के एक होटल में बनाई गई थी।

रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि मुख्य साजिशकर्ता रांची का बिल्डर देवव्रत नाथ शाहदेव है, जिसने अपराधी अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज के साथ मिलकर हत्या की प्लानिंग की। हत्या के लिए 2 लाख रुपये की सुपारी तय हुई, जिसमें 50 हजार रुपये एडवांस के रूप में फोन-पे के जरिए दिए गए।

चार गिरफ्तार, दो मुख्य आरोपी फरार

पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

  • अमन सिंह (पुंदाग)
  • जिशान अख्तर (कोलकाता)
  • मनीष चौरसिया (किशोरगंज)
  • अजय उर्फ गोलू (हिंदपीढ़ी)

वहीं मुख्य साजिशकर्ता देवव्रत नाथ शाहदेव और अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज अब भी फरार हैं। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

कोलकाता में रची गई साजिश, शूटर्स को सौंपी गई तस्वीरें

हत्या की साजिश कोलकाता के एक होटल में रची गई थी, जहां सूरज ने शूटर्स अमन सिंह और रोहित वर्मा को बुलाया। उन्हें अनिल टाइगर की तस्वीरें और मूवमेंट की जानकारी दी गई। इसके बाद 26 मार्च को कांके में गोली मारकर अनिल की हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद रोहित वर्मा को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया, जबकि अमन सिंह खड़गपुर होते हुए हावड़ा में नानी के घर भाग गया था, जहां से उसे दबोचा गया।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

2023 में कांके के चामगुरु में 10 एकड़ जमीन पर चहारदीवारी निर्माण को लेकर विवाद हुआ था। ग्रामीणों के साथ मिलकर अनिल टाइगर ने इसका विरोध किया। मामला थाने तक पहुंचा। इसी दौरान एक बैठक में अनिल ने प्रति डिसमिल 50 हजार की दर से कुल 4.5 करोड़ रुपए की मांग बिल्डर से की।

पैसे देने से इनकार करने पर देवव्रत और अनिल में विवाद हुआ। बिल्डर ने अनिल को पिस्टल दिखाकर धमकी भी दी थी। यहीं से हत्या की पटकथा तैयार हुई।

हत्या की रकम और रणनीति

  • कुल सुपारी: ₹2 लाख
  • एडवांस राशि: ₹50,000 (फोन-पे द्वारा)
  • साजिश स्थल: होटल, कोलकाता
  • हत्या की तारीख: 26 मार्च
  • हत्या का स्थान: कांके, रांची

पुलिस की कार्रवाई जारी

रांची पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में झारखंड और पश्चिम बंगाल में लगातार छापेमारी कर रही हैं। SSP चंदन सिन्हा ने कहा कि जल्द ही मुख्य साजिशकर्ता भी गिरफ्त में होंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version