रांची

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को दूर करने और लाभुकों को समय पर राशि उपलब्ध कराने की दिशा में रांची जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर 29 अप्रैल 2025 से रांची जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतवार आधार सीडिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत लाभुकों के बैंक खातों को आधार से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने का प्रयास किया गया है।

कब और कहाँ लगेंगे शिविर?

शिविर 29 अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक पंचायत स्तर पर लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के लाभुकों को अपने संबंधित पंचायत भवन या निर्धारित स्थान पर पहुंचना होगा। वहीं शहरी क्षेत्र के लाभुक सीधे अपनी संबंधित बैंक शाखा में जाकर आधार लिंकिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

कौन जा सकता है शिविर में?

यह सुविधा उन्हीं लाभुकों के लिए है जिन्हें 3 अप्रैल 2025 या उसके बाद मंईयां सम्मान योजना के तहत एकमुश्त तीन महीने की राशि (7500 रुपये) प्राप्त हुई है। ऐसे लाभुकों का आधार अनिवार्य रूप से लिंक होना चाहिए, ताकि आगामी किश्तों का भुगतान सुनिश्चित हो सके।

पूर्व में जिनका आधार लिंक हो चुका है, उन्हें शिविर में आने की आवश्यकता नहीं है।

प्रशासन की तैयारी

शिविरों के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) और अंचल अधिकारियों (CO) को निर्देश जारी किए हैं। साथ ही, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को भी सभी बैंक शाखाओं में लाभुकों की सूची भेजने और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

भविष्य में क्या होगा बदलाव?

झारखंड सरकार की नई व्यवस्था के अनुसार, अप्रैल 2025 से मंईयां सम्मान योजना की राशि केवल उसी बैंक खाते में भेजी जाएगी जो आधार से लिंक हो और लाभुक का एकमात्र खाता हो। इससे फर्जीवाड़े और तकनीकी समस्याओं को रोकने में मदद मिलेगी।

क्या है मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना?

झारखंड सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। यह योजना झारखंड मुक्ति मोर्चा के चुनावी वादे का हिस्सा थी, जिसे सत्ता में आने के बाद लागू किया गया।

इस योजना का मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। अब तक हजारों महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version